पत्रकार की गोली मारकर हत्या, बदमाशों ने घर के बाहर दिया वारदात को अंजाम

हरियाणा के झज्जर जिले में एक पत्रकार की बदमाशों ने गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने उन्हें घर के बाहर गोली मारी और फिर मौके से फरार हो गए। गोली लगने के बाद घायल पत्रकार को इलाज के लिए गुरुग्राम के अस्पताल में भर्ती किया गया था, जहां पर उनकी मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना झज्जर के गांव लुहारी की है। यह घटना रविवार रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले जांच शुरू की गई। एफएसएल टीम ने भी घटना स्थल से सबूत जुटाए हैं।
बताया जा रहा है कि घटना उसके गांव में ही हुई है। पुलिस और एफएसएल की टीम उसके गांव में घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। बताया जा रहा है कि उसके सिर में गोली मारी गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। घटना के वक्त धर्मेंद्र अपने घर के बाहर टहल रहा था।
धर्मेंद्र लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय थे और कई निजी संस्थानों में भी काम कर चुके हैं। फिलहाल वह फास्ट न्यूज इंडिया से जुड़े हुए थे।
गोली लगने के बाद उन्हें इलाज के लिए पटौदी के एक अस्पताल में ले जाया गया, जहां से उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां करीब 12 घंटे बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।



