हिमाचल में मौसम का कहर: 3 दिन भारी बर्फबारी, ऑरेंज अलर्ट जारी

हिमाचल प्रदेश में अगले तीन दिन मौसम के तेवर बेहद सख्त रहने वाले हैं। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 27 जनवरी को राज्य के अधिकांश हिस्सों में भारी बर्फबारी और बारिश की संभावना जताई गई है। खास तौर पर कुल्लू, चंबा, लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां बर्फीले तूफान के साथ 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
28 जनवरी को भी ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम खराब बना रहेगा और हल्की से मध्यम बर्फबारी जारी रहने की संभावना है, जबकि निचले इलाकों में कड़ाके की ठंड और कोल्ड डे की स्थिति बनी रह सकती है। 29 जनवरी तक प्रदेश में बादलों की आवाजाही जारी रहेगी, जिससे तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी मौसम

विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान शून्य से 15 से 19 डिग्री सेल्सियस नीचे तक गिर सकता है। पर्यटकों और स्थानीय लोगों को ऊंचे जोखिम वाले क्षेत्रों की यात्रा से बचने, बंद सड़कों और संभावित बिजली कटौती को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।




