
जालंधर: शहर में अवैध निर्माण करने वाले बिल्डरों के हौसले दिन-प्रतिदिन बुलंद होते जा रहे हैं। अब हालात यह हो गए हैं कि कुछ बिल्डर नगर निगम के साथ-साथ बिजली विभाग को भी गुमराह करने से नहीं हिचक रहे। ताजा मामला हरबंस नगर रोड का सामने आया है, जहां एक अवैध रूप से बनी दुकान पर नकली दस्तावेजों के आधार पर बिजली का मीटर लगवा लिया गया।

जानकारी के अनुसार हरबंस नगर रोड पर बनी एक दुकान में कुछ दिन पहले बिजली विभाग द्वारा मीटर लगाया गया था। बाद में विभाग को शिकायत मिली कि उक्त दुकान अवैध निर्माण है और इसके लिए गलत दस्तावेज लगाए गए हैं। जांच के दौरान पता चला कि बिल्डर ने वर्ष 2015 की 20 मरले रिहायशी NOC दिखाकर दुकान के लिए मीटर लगवा लिया था, जबकि मौके पर कमर्शियल दुकान का निर्माण किया गया था।

मामले की सच्चाई सामने आते ही बिजली विभाग के अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उक्त दुकान से बिजली का मीटर हटवा दिया। अधिकारियों का कहना है कि विभाग को गुमराह कर मीटर लगवाया गया था, लेकिन जैसे ही दस्तावेजों की सच्चाई सामने आई, तुरंत मीटर हटाने की कार्रवाई कर दी गई।

इस घटना ने एक बार फिर शहर में हो रहे अवैध निर्माण और बिल्डरों की मनमानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते ऐसे मामलों पर सख्ती नहीं की गई तो शहर में अवैध निर्माण और बढ़ सकते हैं।




