राजेश थापा बने जालंधर प्रोफेशनल फोटोग्राफर्स एसोसिएशन (रजि.) के नए प्रधान

फोटोग्राफरों के विकास के लिए तकनीकी वर्कशॉप और सेमिनार आयोजित करने का लिया संकल्प
जालंधर:
जालंधर के फोटोग्राफी क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए, जिले की सबसे पुरानी और प्रतिष्ठित संस्था जालंधर प्रोफेशनल फोटोग्राफर्स एसोसिएशन (रजि.) की एक विशेष बैठक 537, न्यू जवाहर नगर स्थित कार्यालय में आयोजित की गई। इस बैठक में सर्वसम्मति से राजेश थापा को एसोसिएशन का नया प्रधान चुना गया।
इस अवसर पर उपस्थित सभी सदस्यों ने राजेश थापा का फूलों के हार पहनाकर भव्य स्वागत किया और उनके नेतृत्व में संस्था के और अधिक मजबूत होने की उम्मीद जताई। एसोसिएशन के सदस्यों ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में फोटोग्राफी क्षेत्र को नई दिशा और ऊंचाइयां मिलेंगी।

यह संस्था लंबे समय से जालंधर के फोटोग्राफरों के हितों और अधिकारों के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रही है और जिले की सबसे पुरानी फोटोग्राफर संस्था मानी जाती है।
पदभार संभालने के बाद अपने संबोधन में राजेश थापा ने कहा कि वर्तमान समय पूरी तरह डिजिटल तकनीक का युग है। ऐसे में फोटोग्राफरों को आधुनिक कैमरों, एडवांस लाइटिंग तकनीकों और नए एडिटिंग सॉफ्टवेयर की जानकारी होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता फोटोग्राफरों को तकनीकी रूप से मजबूत बनाना होगी।

उन्होंने घोषणा की कि एसोसिएशन द्वारा जल्द ही विशेष तकनीकी वर्कशॉप और सेमिनार आयोजित किए जाएंगे, जिनमें देश के अनुभवी विशेषज्ञों को आमंत्रित किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से फोटोग्राफरों को नई तकनीकों और ट्रेंड्स के बारे में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
राजेश थापा ने आगे कहा,
“हमारा उद्देश्य सभी फोटोग्राफर भाइयों को एक मंच पर लाना और उन्हें नई तकनीकों के माध्यम से आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है।”
इस मौके पर एसोसिएशन के पूर्व प्रधान रमेश हैप्पी, पंजाब के पूर्व प्रधान सुरिंदर बेरी, रमेश गाबा, ऋषि शर्मा, सुरिंदर वर्मा, टिंकू पंडित, तरलोक चुघ, सुनील कुमार, संजीव हैप्पी, हरीश कुमार, संदीप, लवकेश अशोक कुमार, संदीप हैप्पी, बलदेव किशन, कमल गंभीर, बलराज सिंह, सन्नी, राम लुभाया, उदय कुमार, सुरिंदर कुमार सहित शहर के कई गणमान्य फोटोग्राफर उपस्थित रहे।

सभी सदस्यों ने नए प्रधान राजेश थापा को अपना पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिया।



