जालंधर से जल्द निकलेगा विशाल तिरंगा मार्च, युवाओं से जुड़ने की अपील – जॉली मोमी

जालंधर। शिव सेना उत्तर भारत के राष्ट्रीय यूथ प्रधान जॉली मोमी ने घोषणा की है कि संगठन की ओर से जल्द ही जालंधर में एक विशाल तिरंगा मार्च आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मार्च का उद्देश्य देश की एकता, अखंडता, राष्ट्रभक्ति और तिरंगे के सम्मान का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।
जॉली मोमी ने कहा कि तिरंगा केवल भारत का राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि करोड़ों देशवासियों की भावनाओं, शहीदों के बलिदान और देश की आन-बान-शान का प्रतीक है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह तिरंगे का सम्मान करे और राष्ट्रहित के कार्यों में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाए।उन्होंने बताया कि प्रस्तावित तिरंगा मार्च में बड़ी संख्या में युवा, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक और आम लोग शामिल होंगे।

मार्च को पूरी तरह शांतिपूर्ण, अनुशासित और राष्ट्रभक्ति की भावना से आयोजित किया जाएगा।राष्ट्रीय यूथ प्रधान जॉली मोमी ने जालंधर और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं से इस ऐतिहासिक तिरंगा मार्च में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील करते हुए कहा कि युवा ही देश की सबसे बड़ी ताकत हैं और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जब युवा तिरंगे के सम्मान के लिए एकजुट होकर आगे बढ़ेंगे तो समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा।

उन्होंने कहा कि शिव सेना उत्तर भारत लगातार राष्ट्रहित, समाज सेवा और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने के लिए कार्य कर रही है। आगामी तिरंगा मार्च भी इसी संकल्प का प्रतीक होगा और इसकी तैयारियां जल्द शुरू की जाएंगी।
मार्च की तिथि, समय और रूट की जानकारी संगठन द्वारा शीघ्र ही सार्वजनिक की जाएगी।अंत में जॉली मोमी ने सभी देशवासियों से आह्वान किया कि वे राजनीति से ऊपर उठकर तिरंगे के सम्मान और राष्ट्र की एकता के लिए इस अभियान का हिस्सा बनें तथा देशभक्ति का संदेश हर घर तक पहुंचाने में अपना सहयोग दें।



